Weather News: देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम ने दोहरा रूप धारण कर लिया है। एक ओर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में प्रचंड गर्मी और लू का असर जारी है, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में बारिश और आंधी लोगों को राहत दे रही है। India Meteorological Department (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए अहम चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय गर्मी के संयुक्त प्रभाव से देश के कई हिस्सों में अचानक मौसम बदल रहा है। तेज धूप के बीच कुछ ही घंटों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। करीब 13 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में राहत, लेकिन खतरा बरकरार
राजधानी नई दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन IMD ने अगले 24 घंटों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ती तपिश
उत्तर प्रदेश में अप्रैल की गर्मी ने ही जेठ जैसा असर दिखाना शुरू कर दिया है। झांसी और बांदा जैसे जिलों में तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। हालांकि पश्चिमी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के संकेत हैं, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में लू का असर
Bihar और Jharkhand में तेज गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। हालांकि अगले 40 घंटों में कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे आंशिक राहत मिल सकती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बदलता मौसम
राजस्थान में तेज गर्मी के साथ धूल भरी आंधी और बारिश का असर देखने को मिल रहा है। वहीं मध्यप्रदेश में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, लेकिन शाम के समय आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और ओलावृष्टि का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम तेजी से बदल रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, ओले और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर में भी अलर्ट
दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों में बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।











