Heat Wave: देशभर में बढ़ती गर्मी और लू के बीच हीट स्ट्रोक के मामलों में तेजी देखी जा रही है। तेज धूप, गर्म हवाएं और डिहाइड्रेशन मिलकर शरीर पर गंभीर असर डाल सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी सिरदर्द, उल्टी, चक्कर, दस्त और यहां तक कि हार्ट अटैक जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।
क्यों बढ़ता है खतरा
गर्मी के मौसम में ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने लगती है। ऐसे में बाहर की तेज धूप इस स्थिति को और बिगाड़ देती है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ जाता है। अस्पतालों में भी इन दिनों ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
घर से निकलने से पहले क्या करें
हल्का भोजन करें
खाली पेट बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। घर से निकलने से पहले हल्का और पौष्टिक भोजन करें, जैसे दही, खीरा, ककड़ी, उपमा या लिक्विड खिचड़ी। तला-भुना और मसालेदार खाना अवॉयड करें।
पानी साथ रखें
डिहाइड्रेशन से बचने के लिए हमेशा पानी की बोतल साथ रखें। पानी में नींबू और काला नमक मिलाकर पीना शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करता है।
सूती कपड़ा रखें
धूप में पसीना पोंछने और चेहरे को ढकने के लिए सूती कपड़ा साथ रखें। यह त्वचा को नुकसान से बचाता है और राहत देता है।
सिर और शरीर को ढकें
तेज धूप से बचने के लिए कैप, हैट या छाता जरूर इस्तेमाल करें। इससे सिर पर सीधी धूप नहीं पड़ती और शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है।
सनग्लास पहनें
गर्म हवाएं और तेज धूप आंखों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। बाहर निकलते समय सनग्लास पहनना आंखों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
सनस्क्रीन लगाना न भूलें
त्वचा को झुलसने और रैशेज से बचाने के लिए 50+ SPF वाला सनस्क्रीन चेहरे और खुले हिस्सों पर जरूर लगाएं।
विशेषज्ञों की सलाह
डॉक्टरों के अनुसार, हीट वेव के दौरान बिना जरूरत बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो खुद को हाइड्रेट रखें और शरीर को ठंडा रखने के उपाय अपनाएं।












