India Corona Update Latest: भारत में कोरोना से निपटने के लिए देशभर में मॉक ड्रिल, जानें कहां क्या हुआ अनिवार्य?

Published On: December 27, 2022
Follow Us

नई दिल्ली: चीन में बिगड़ते हालातों के बीच भारत में भी कोरोना से निपटने के लिए तैयारियां शुरु कर दी हैं। आज देश के कई राज्यों के अस्पतालों में कोविड की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल की जाएगी। 

इस मॉक ड्रिल में स्वास्थ्य सुविधाओं मसलन बेड, ऑक्सिजन वाले बेड, आईसीयू बेड और वेंटिलेटर बेड के साथ ही डॉक्टरों और दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता देखी जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने डॉक्टरों और इंडियन मेडिकल असोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ सोमवार को एक वर्चुअली बैठक की। देशभर के करीब 100 पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट्स से बातचीत में लोगों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की अपील की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, अलर्ट रहने और मास्क पहनने सहित कोविड गाइडलाइंस का पालन सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों से दूर रहें।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों और IMA के सदस्यों से कोविड के बारे में प्रामाणिक जानकारी का प्रसार जारी रखने का आग्रह किया।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने लिखा राज्यों को पत्र

इधर, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण की ओर से राज्यों को जारी पत्र में कहा गया था कि कई देशों में कोविड के मामले बढ़ने के मद्देनजर यह जरूरी है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी राज्यों में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में आवश्यक उपाय किए जाएं। सभी जिलों में इससे निपटने के लिए अस्पतालों में पूरी तैयारी की जाए। मॉक ड्रिल का उद्देश्य कोविड के मुकाबला के लिए देश के अस्पतालों को तैयार करना है।

अप्रैल 2021 में कोविड की लहर के दौरान ऑक्सिजन की कमी हुई थी। अगर आने वाले समय में भी कोविड के केस बढ़ते हैं और ऑक्सिजन की जरूरत होती है तो उस स्थिति में अस्पतालों में ऑक्सिजन की सप्लाई में कोई दिक्कत न हो, इसको लेकर जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

कर्नाटक के स्कूलों-थिएटरों में मास्क अनिवार्य



कर्नाटक सरकार ने दुनिया के कई देशों में कोविड मामलों में तेजी को देखते हुए मूवी थिएटर, स्कूलों और कॉलेजों में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। बार, रेस्तरां और पब में वैक्सिनेशन की दोनों डोज जरूरी कर दी गई हैं। नए साल के लिए इनका संचालन केवल बैठने की क्षमता तक किया जा सकता है। पहली जनवरी को देर रात एक बजे तक ही नए साल का सेलिब्रेशन चल सकता है। साथ ही नए साल पर भीड़भाड़ वाली जगहों के लिए मास्क जरूरी कर दिया गया है। इन जगहों पर बच्चों, प्रेग्नेंट महिलाओं और बुजुर्गों को जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।

बिहार-बंगाल में विदेशी मिले पॉजिटिव



बिहार के बोधगया में तीर्थयात्रा पर आए पांच विदेशी नागरिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनमें से चार थाइलैंड के और एक म्यामां से हैं। विदेशी यात्रियों की गया हवाई अड्डे पर जांच की गई थी। 33 विदेशियों की जांच की गई, जिसमें पांच पॉजिटिव मिले। उनमें से चार महिलाएं हैं। पॉजिटिव यात्रियों की उम्र 35 से 75 वर्ष के बीच है। सभी की हालत स्थिर है और उन्हें होटल में आइसोलेट किया गया है। कोलकाता में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के शक में एक विदेशी नागरिक को अस्पताल के आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है।

देश में कोविड के नए केस 196



देश में सोमवार को कोविड के 196 मामले आए। वहीं, दो मौतें हुई और 190 मरीज ठीक हुए। ऐक्टिव केस बढ़कर 3,428 हो गए हैं। इनमें से 80% ऐक्टिव केस सिर्फ केरल और कर्नाटक में हैं। केरल में इनकी संख्या 1,397 और कर्नाटक में 1,221 हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 148 ऐक्टिव केस, ओडिशा में 101 केस हैं।

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Posts

Leave a Comment