द न्यूज़ रिपेयर, चंडीगढ़
इनेलो(INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला ने संगठन को और ज्यादा सुदृढ़ करने के लिए कार्यकारिणी में विस्तार करते हुए पूर्व में सीपीएस रहे श्याम सिंह राणा को इनेलो(INLD) पार्टी का राष्ट्रीय संगठन सचिव नियुक्त किया है.
यह जानकारी देते हुए इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने वीरवार को एक बयान जारी कर कहा कि इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला से विचार विमर्श के बाद यह निर्णय लिया. बुधवार को इनेलो कार्यकारिणी की बैठक के बाद इसकी घोषणा की गई. उन्होंने बताया कि श्याम सिंह राणा चौधरी देवी लाल के समय के साथी रहे हैं और उन्होंने पार्टी के लिए अपनी महत्वपूर्ण सेवांए दी हैं. श्याम सिंह राणा हमेशा किसानों के साथ उनके सुख-दुख में कंधे से कंधा मिला कर खड़े रहे हैं.
नफे सिंह राठी ने बताया कि चौधरी देवी लाल का एक सपना था कि हमारे कृषि प्रधान देश की सत्ता में किसानों की महत्वपूर्ण भागीदारी हो. किसानों के उत्थान और कल्याण के लिए चौधरी देवी लाल ने अपनी पूरी जिंदगी समॢपत कर दी थी. आज किसान विरोधी भाजपा सरकार ने काले कृषि कानून बना कर अन्नदाता को बड़े पूंजीपतियों के हाथ बेचने का काम किया है. उन्होंने बताया कि इनेलो पार्टी केवलमात्र ऐसी पार्टी है जो पिछले विधान सभा सत्र के दौरान काले कृषि कानून के खिलाफ प्राइवेट बिल लेकर आई थी जबकि मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस मात्र दिखावे के तौर पर दो लाइनों का प्रस्ताव लेकर आई थी.