हिसार के खेड़ी जालब निवासी सुखदर्शन जैन ने आरोप लगाया है कि पटियाला निवासी उपकार सिंह संधू और उसके साथियों ने लोन दिलाने के झांसे में करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में संधू, संजय, अनिल और चंदन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कैसे हुई ठगी: पीड़ित ने दिया पूरा ब्यौरा
सुखदर्शन ने बताया कि उसने अपने मित्र के कहने पर उपकार सिंह संधू से संपर्क किया था, जिसने निजी फाइनेंस कंपनी से 25 करोड़ रुपये का लोन दिलाने की बात कही। लेकिन, लोन की जगह उसे स्टांप पेपर और प्रोसेस फीस के नाम पर कुल 1.35 करोड़ से ज्यादा की रकम अलग-अलग खातों में जमा करनी पड़ी। साथ ही नकद भी दी। लोन नहीं मिलने पर जब वापसी की मांग की तो धमकी मिली कि शिकायत करने पर जान से मरवा देंगे।
पुलिस कार्रवाई और जांच की स्थिति
नारनौंद थाने की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आरोपितों के जान से मारने की धमकी और धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज किया। थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी होगी। जांच हांसी की CIA टीम कर रही है।












