बाबा श्याम के भक्तों के लिए खुशखबरी! अब खाटू श्याम जी और सालासर बालाजी के दर्शन हेलीकॉप्टर से भी किए जा सकेंगे। हरियाणा और राजस्थान सरकार के संयुक्त प्रयास से गुरुग्राम से इन दो विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के लिए पहली एयर टैक्सी सेवा जल्द शुरू होने जा रही है। यह सेवा खासकर बुजुर्गों और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
जयपुर में हुई बैठक, हेलीपैड और सुरक्षा पर चर्चा
जयपुर में दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक में हेलीपैड, यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सहमति बनी। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सेवा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से चलाई जाए।
केवल 1 घंटे में पहुंचेंगे बाबा श्याम के दरबार
-
गुरुग्राम से खाटू श्याम जी की दूरी: लगभग 338 किलोमीटर
-
गुरुग्राम से सालासर बालाजी की दूरी: लगभग 436 किलोमीटर
जहां सड़क मार्ग से इन स्थानों पर पहुंचने में 7-8 घंटे लगते हैं, वहीं अब हेलीकॉप्टर सेवा से श्रद्धालु केवल 1 से 1.5 घंटे में दर्शन कर सकेंगे।
देश-विदेश से आते हैं लाखों श्रद्धालु
खाटू श्याम जी और सालासर बालाजी मंदिर पूरे भारत और विदेशों में प्रसिद्ध हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हरियाणा सहित अन्य राज्यों से दर्शन के लिए यहां आते हैं। अधिकांश श्रद्धालु खाटू श्याम जी के बाद सालासर बालाजी मंदिर भी जाते हैं।








