अशोक गहलोत का बीजेपी पर बड़ा आरोप, ‘उदयपुर में हत्या के संदिग्धों को बचाने के लिए बीजेपी ने थाने में फ़ोन किया था’

Published On: July 12, 2022
Follow Us


जयपुर: राजस्थान के उदयपुर में हुई टेलर की निर्मम हत्या का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कन्हैयालाल की हत्या मामले में अभियुक्तों के साथ बीजेपी का संबंध होने का आरोप लगाया है.

अशोक गहलोत ने ये आरोप सोमवार को राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के साथ जयपुर में मीडिया से बात करते हुए लगाए.

अपराधियों को बचाने के लिए बीजेपी नेताओं ने थाने में किए फ़ोन!

अशोक गहलोत ने कहा, “वैसे तो आपने और सोशल मीडिया ने बहुत कुछ कह दिया है कि किस प्रकार से जो मुख्य अभियुक्त हैं, उनके बीजेपी के साथ किस लेवल के संबंध रहे हैं. सबको मालूम है. अभी हाल ही में वे जिस मकान में किराए पर रहते थे, वहां का मकान मालिक भी मुस्लिम था. उसने पुलिस को शिकायत की कि मुझे धमकाते हैं, तंग करते हैं और किराया नहीं दे रहे हैं. पुलिस की कार्रवाई से पहले ही थाने में बीजेपी नेताओं के फ़ोन चले गए कि ये हमारा कार्यकर्ता है और इसे तंग मत करो.”

गहलोत ने आगे कहा ‘जिस व्यक्ति ने इतना बड़ा जघन्य अपराध किया वो किसकी गोद में बैठा हुआ था. किसके साथ उसके संबंध थे ये जगजाहिर हो गया है इसका जवाब उन लोगों को देना चाहिए. “

28 जून को हुई थी कन्हैयालाल की हत्या

राजस्थान के उदयपुर में 28 जून को दो लोगों ने एक दर्ज़ी कन्हैयालाल की दुकान में धारदार हथियार से हत्या कर दी और इसका वीडियो रिकॉर्ड किया था. जिसे बाद में सोशल मीडिया पर शेयर किया था.

हत्या में शामिल दोनों संदिग्ध मोहम्मद रियाज़ और गौस मोहम्मद पुलिस ने उसी दिन गिरफ़्तार कर लिया था.

आपको बता दें कि पूर्व बीजेपी प्रवक्ता नूपुर शर्मा के एक बयान पर कई देशों में नाराज़गी जताई गई थी. जिसके बाद कई लोग नूपुर शर्मा के समर्थन में भी आए थे. इनमें कन्हैयालाल भी एक था.

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Posts

Leave a Comment