Rajnath Singh on Rahul Gandhi: ‘राहुल गांधी, मोदी और भाजपा के प्रति पैदा कर रहे हैं नफरत’

Published On: January 22, 2023
Follow Us

सिंगरौली:  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर आज आरोप लगाते हुए कहा कि गांधी इस यात्रा के जरिए घूम-घूम कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति लोगों में नफरत पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

सिंह यहां मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। 
रक्षा मंत्री ने कहा कि इस समय एक नेता भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं, वो क्या-क्या बातें करते हैं। भारत अब पहले जैसा नहीं रहा है। भारत बदल चुका है। जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय हमारे जवानों ने दिया है, वह अद्भुत है, लेकिन ये कांग्रेस के नेता सेना के जवानों के बारे में कुछ भी बोल रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत टूट ही नहीं रहा है और गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। भारत को टूटना था, तो वह वर्ष 1947 में टूट चुका है। आज गांधी चारों तरफ घूम-घूम कर कह रहे हैं कि हिंदुस्तान में चारों तरफ नफरत है। उन्होंने कहा कि क्या मोदी नफरत फैला रहे हैं, क्या चौहान नफरत फैला रहे हैं। कहां इनको नफरत दिखाई देती है। 
सारी दुनिया में भारत को कांग्रेस के नेता बदनाम कर रहे हैं। जिस भारत की इज्जत सारी दुनिया में बढ़ी है, जो भारत सारे विश्व को अपना परिवार मानता है, उसके बारे में श्री गांधी क्या बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नफरत पैदा करके गांधी सत्ता प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे भारत ने कभी जाति, पंथ और मजहब के आधार पर भेदभाव नहीं किया। भारत की आजादी में सभी ने योगदान दिया। गांधी लोगों के बीच जाकर मोदी और भाजपा के प्रति नफरत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ये मोहब्बत फैलाने की बात करते हैं, ये क्या जानते हैं मोहब्बत क्या है?
रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, समाज और देश बनाने के लिए की जाना चाहिए। गांधी अगर देश की प्रगति में योगदान नहीं दे सकते हो, तो चुप बैठो, भारत को बदनाम करने की कोशिश मत करो। ऐसी बहुत बातें हैं, जो खुलकर नहीं की जा सकती हैं, हमारे सैनिक बहादुर हैं। हम रक्षा के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया के अर्थशास्त्री कह रहे हैं कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। वर्ष 2047 आते-आते दुनिया का सबसे धनवान देश भारत बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज जो पुण्य कार्य श्री चौहान ने किया है, उसके लिए वे बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि आज वे जिन्हें जमीन आवंटन के सर्टिफिकेट बांट रहे थे, तो उनके चहारों की मुस्कान देखते ही बनती थी। 
उन्होंने कहा कि लोककल्याणकारी सरकार इसे ही कहते हैं। चौहान को आपका समर्थन मिलता रहेगा, ऐसा मुझे विश्वास है।
मुख्यमंत्री  ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज उन्हें वर्ष 2008 याद या रहा है। उस समय सिंगरौली वालों ने कहा था कि कांग्रेस ने सिंगरौली के साथ बहुत अन्याय किया है। हमने तय किया कि सिंगरौली जिला बनेगा और उसके बाद यहां विकास यात्रा प्रारंभ हुयी।
चौहान ने कहा कि आज जो कुछ सिंगरौली में दिखाई दे रहा है, वह भाजपा सरकार की देन है। हम 248 करोड़ रुपये का मेडिकल कॉलेज सिंगरौली को दे रहे हैं। इसके होने से आपको अब इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
हमारी इतनी खदानें हैं, इतनी माइनिंग होती है। इसके लिए स्किल्ड मैनपॉवर की बात आती थी। अब हम यहाँ माइनिंग कॉलेज खोल रहे हैं। यहाँ के नौजवानों को ट्रेनिंग मिलेगी और रोजगार मिलेगा। हम इसमें ऊर्जा कॉलेज भी खोलेंगे। इससे पॉवरप्लांट में जितने भी योग्य लोग चाहिए, वो यहीं पढ़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी सवा लाख पदों पर सरकारी भर्ती चालू है। प्राइवेट सेक्टर में भी रोजगार मिल रहा है। अभी इंदौर में आयोजित जीआईएस में 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, इससे 29 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा, जिससे सिंगरौली को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है।

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Posts

Leave a Comment