Haryana Parivatan Yatra Day 73 : ओम प्रकाश चौटाला किया बड़ा ऐलान, युवाओं के लिए सरकार बनते ही होगा ये काम, पढ़ें

Published On: May 14, 2023
Follow Us

भिवानी : इनेलो की परिवर्तन यात्रा के 73वें दिन जिला भिवानी हलका बवानीखेड़ा में विभिन्न स्थानों पर इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित किया। लोगों ने पूर्व उनका गगनभेदी नारों से जोरदार स्वागत किया। लोगों के इस प्यार व मान-सम्मान से अभिभूत चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने इनेलो शासन आने पर सबके कल्याण का वायदा किया, वहीं मौजूदा भाजपा शासन पर जनता के हितों की अनदेखी व तानाशाही तरीके से काम करने के आरोप लगाए और प्रदेशवासियों से सरकार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि प्रजातांत्रिक प्रणाली में जनता के सहयोग समर्थन से ही सरकारें बनती है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वह जनता की मूलभूत सुविधाओं का इंतजाम करे। उन्होंने कहा कि हमारी सोच चौधरी देवी लाल के दिखाए रास्ते पर चलने की है। चौधरी देवीलाल ने लोगों के लिए संघर्ष किया ताकि उनकी मूलभूत जरूरतों रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा-स्वास्थ्य की सुविधा का बंदोबस्त सरकार करें। 

उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री मैं प्रदेश के हर गांव में जाया करता था। लोगों के दुख-तकलीफ का हाथ की हाथ निपटान किया जाता था। जबकि आज प्रदेश का हालात खराब हो गए हैं। विकास के नाम पर एक नई ईंट तक नहीं लगी। स्कूलों में मास्टर नहीं है। अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयां नहीं हैं। नफरत फैलाई जा रही है और इसकी आड़ में लोगों को लूटा जा रहा है। टैक्स पर टैक्स लगाए जा रहे हैं। देश का पैसा अंबानी अडानी जैसे मुट्ठी भर लोगों की जेब में जा रहा है।

प्रदेश में सड़कों का बुरा हाल

इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि हमारे राज में जो सडक़ें बनी थी उसका बुरा हाल हो गया है। बुजुर्गों को पेंशन के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुझे एक दफा संयोग से चंडीगढ़ जाने का मौका मिला। जिस सडक़ पर गया उसी सडक़ पर सीएम की कोठी थी। देखा तो कोठी सुनी पड़ी थी। रास्ते में कई लोग मिले। लोगों से बात की तो उन्होंने मायूस मन से बताया कि क्या करेंगे कोठी में जाकर, यहां काम होता नहीं। दरख्वास्त लेकर जो आता है उसे पुलिस वाले भगा देते हैं। उसी दिन मैंने ठानी जिस दिन लोगों के सहयोग समर्थन से इनेलो की सरकार बनेगी तो लोगों को सरकार के द्वार पर नहीं आना पड़ेगा बल्कि सरकार लोगों के घर द्वार पहुंचेगी। 

उन्होंने बताया कि सरकार बनने पर पहली कलम से ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया। भारत ही एक ऐसा देश है जहां सभी धर्मों के लोग आपसी प्रेम सद्भाव से रहते हैं। हम अपने तीज-त्योहार, होली-दिवाली, ईद-क्रिसमस प्रेम-प्यार और भाईचारे से मिलजुल कर मनाते हैं, पर देश का यह दुर्भाग्य रहा है कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश को लूटने के लिए आपस में लड़ाने का काम कर रहे हैं। लोगों का कोई भला कर सकता है तो वह इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी ही है।

जनता के हित की लड़ाई लड़ रहे हैं- चौटाला

चौटाला ने कहा कि हमारा किसी से द्वेष नहीं, हमारा किसी से विरोध नहीं, ना ही हमारा कोई राजनीतिक स्वार्थ है। हम तो चौधरी देवी लाल का स्वप्न साकार करने के लिए जनता के हित की लड़ाई लड़ रहे हैं। लोगों का आपस में जोड़ने के लिए गांव-गांव परिवर्तन रैली निकाल रहे हैं। कहने की जरूरत नहीं इन परिवर्तन यात्रा के जरिए लोगों का झुकाव इनेलो की तरफ बढ़ता जा रहा है। इस लड़ाई के सुखद परिणाम निकलेंगे। आने वाले दिनों में इनेलो की सरकार बनेगी। अतीत में हमने अच्छे काम किए हैं, भविष्य में और अच्छा काम करेंगे। बुजुर्गों की पेंशन नकारा सरकार ने काट दी है। इनेलो शासन आने पर बुजुर्गों की काटी गई पेंशन का पैसा ब्याज सहित दिया जाएगा। महिलाओं को सम्मान के लिए अलग से पेंशन की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। बच्चों की पढ़ाई की कोई फीस नहीं लगेगी, ना ही कोई किताबों का खर्चा होगा। पढऩे वाले बच्चे का बीमार पड़ने पर मुफ्त इलाज किया जाएगा। युवाओं को उनकी योग्यता के हिसाब से अच्छा पद दिया जाएगा।

इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि हमने 3206 योग्य युवाओं को नौकरी थी। 2005 में नालायक सरकार ने इसके लिए 10 साल जेल भिजवा दिया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने नौकरी पाई उनकी प्रमोशन हो गई और नौकरी लगाने वालों को 10 साल की जेल हो गई। चौटाला ने कहा कि वादा करता हूं कि इनेलो की सरकार बनने युवाओं को योग्यता के हिसाब से नौकरी दी जाएगी, चाहे इसके लिए मुझे फांसी पर क्यों ना चढना पड़े।

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment