चंडीगढ़, 5 जून — हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। राज्य सरकार ने जहां 200 बेड के जिला नागरिक अस्पताल, पानीपत के लिए 122 नियमित पदों तथा 97 पद हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से भरने सहित कुल 219 पदों के सृजन एवं स्वीकृति प्रदान की है, वहीं जिला कुरुक्षेत्र के उप-स्वास्थ्य केंद्र थाना को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अपग्रेड करने की मंजूरी भी दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन निर्णयों से लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।







