Indian Railways: भारतीय रेलवे को देश की लाइफलाइन कहा जाता है। हर दिन करोड़ों यात्री ट्रेन से सफर करते हैं और देशभर में फैला विशाल रेलवे नेटवर्क शहरों, कस्बों और गांवों को जोड़ता है। भारत में कुल करीब 8500 रेलवे स्टेशन हैं, जिनमें जंक्शन, टर्मिनल, हॉल्ट और बड़े स्टेशन शामिल हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश का एक ऐसा राज्य भी है जहां 1100 से ज्यादा रेलवे स्टेशन मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश में हैं सबसे ज्यादा रेलवे स्टेशन
भारत में सबसे अधिक रेलवे स्टेशन वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। यहां 1100 से अधिक रेलवे स्टेशन मौजूद हैं, जो राज्य के प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों और ग्रामीण इलाकों को आपस में जोड़ते हैं।
राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन, लखनऊ जंक्शन, वाराणसी जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन और गोरखपुर जंक्शन शामिल हैं।
प्रयागराज जिला रेलवे नेटवर्क में सबसे आगे
राज्य में सबसे अधिक रेलवे स्टेशन वाला जिला प्रयागराज माना जाता है, जहां करीब 47 रेलवे स्टेशन हैं। यह क्षेत्र उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे जोन के अंतर्गत आता है।
गोरखपुर जंक्शन का नाम विश्व रिकॉर्ड में शामिल
गोरखपुर जंक्शन दुनिया के सबसे लंबे रेलवे प्लेटफॉर्म वाले स्टेशनों में शामिल है। यह स्टेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों के लिए प्रमुख रेलवे केंद्र माना जाता है।
अंग्रेजों के समय से शुरू हुआ रेलवे विस्तार
उत्तर प्रदेश में रेलवे नेटवर्क का इतिहास काफी पुराना है। ब्रिटिश शासन के दौरान व्यापार और प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए यहां रेलवे लाइनों का तेजी से विस्तार किया गया था। धीरे-धीरे राज्य के लगभग हर जिले को रेलवे नेटवर्क से जोड़ दिया गया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहे स्टेशन
आज उत्तर प्रदेश के कई रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यात्रियों के लिए वाई-फाई, एस्केलेटर, लिफ्ट, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, साफ-सुथरे प्रतीक्षालय और ऑनलाइन टिकटिंग जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।









