Kal Ka Mausam: देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 11 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ राज्यों में 40 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से बनी ठंडक अब कम होने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 12 मई के बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।
8 मई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 9 और 10 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है। 11 मई को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रहने की संभावना है, जबकि 12 मई को तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है।
उत्तर प्रदेश में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 8 और 9 मई के दौरान कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी और तराई क्षेत्रों में मौसम ज्यादा प्रभावित रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बिहार के 15 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। किशनगंज, सुपौल, अररिया और खगड़िया सहित कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। बेमौसम बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
राजस्थान में धूल भरी आंधी की संभावना
राजस्थान में 8 से 10 मई के बीच तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
मध्य प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला हुआ है। कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज समेत 11 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। देहरादून समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
8 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। 9 मई को नैनीताल और अल्मोड़ा में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 10 मई को भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी
Himachal Pradesh में 10 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग ने 11 और 12 मई को कई इलाकों में बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी
तमिलनाडु में 12 मई तक पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मन्नार की खाड़ी के आसपास बने वायुमंडलीय चक्रवातीय प्रभाव के कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। नीलगिरी, इरोड, कोयंबटूर, तिरुपुर और डिंडीगुल समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।










