Kal Ka Mausam: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 1 मई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और मध्य भारत तक मौसम का असर देखने को मिलेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, नागालैंड और पश्चिम बंगाल समेत करीब 11 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कई क्षेत्रों में बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में भी ऐसा ही सिस्टम बना हुआ है, जो इस व्यापक मौसम बदलाव की मुख्य वजह है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1 मई को बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। यहां अधिकतम तापमान करीब 36°C और न्यूनतम 24°C रहने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई जिलों में 1 से 2 मई के बीच तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। वहीं बिहार के पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया सहित कई जिलों में भी भारी बारिश और तूफान की संभावना है।
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसी तरह हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 2 मई को मौसम खराब रहने का अनुमान है।
पंजाब और हरियाणा में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी लेकिन किसानों के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश में 1 से 5 मई के बीच कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं राजस्थान के कुछ हिस्सों में 2 मई को तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।











