Swiss Airline Flight Engine Fail: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस (Swiss International Airlines) की फ्लाइट LX 147 में टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। इस घटना में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना तड़के करीब 2 बजे की है, जब विमान रनवे 28/10 से उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। टेकऑफ के दौरान अचानक विमान के बाएं हिस्से से धुआं निकलने लगा और दाईं ओर लैंडिंग गियर के पास आग जैसी स्थिति देखी गई। इंजन में खराबी की पुष्टि होते ही पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत टेकऑफ रोक दिया और विमान को सुरक्षित स्थिति में लाने का प्रयास किया।
विमान में उस समय 232 यात्री और 13 क्रू मेंबर सवार थे। स्थिति गंभीर होते ही सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स की मदद से तेजी से बाहर निकाला गया। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इस दौरान सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया गया।
स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि फ्लाइट LX147 (एयरबस A330, रजिस्ट्रेशन HB-JHK) के एक इंजन में उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी समस्या आई। क्रू ने स्थिति का आकलन करने के बाद सावधानीपूर्वक विमान को खाली कराने का निर्णय लिया। एयरलाइन ने इस मामले की जांच के लिए एक टास्क फोर्स भी गठित की है।
इमरजेंसी निकासी के दौरान तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जो स्लाइड से उतरते समय लगीं। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में IGI एयरपोर्ट पर यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 16 अप्रैल को स्पाइसजेट और अकासा एयर के दो विमान आपस में टकरा गए थे, हालांकि उस हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई थी।












