Summer Vacation: भीषण गर्मी की लहर को देखते हुए उड़ीसा सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए गर्मियों की छुट्टियां पहले घोषित कर दी हैं। अब राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल 27 अप्रैल से बंद रहेंगे।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, राज्य में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सरकार के आदेश के मुताबिक, सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी शिक्षण संस्थान 27 अप्रैल से बंद हो जाएंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाएं, जनगणना कार्य और अन्य प्रशासनिक गतिविधियां तय समय के अनुसार जारी रहेंगी।
आमतौर पर राज्य में गर्मियों की छुट्टियां मई के पहले सप्ताह के बाद शुरू होती हैं, लेकिन इस बार तापमान में असामान्य बढ़ोतरी के कारण यह फैसला समय से पहले लिया गया है। हाल के दिनों में कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश चंद्र पुजारी ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों को भी जल्द बंद किया जा सकता है। बच्चों तक राशन पहुंचाने के लिए घर-घर वितरण की व्यवस्था की जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में गुरुवार को कम से कम 24 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लू का खतरा और बढ़ सकता है।









