Haryana News: हरियाणा में करनाल जिले के मधुबन क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जवाबी कार्रवाई में बदमाश की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक वांछित आरोपी स्कूटी पर सवार होकर मधुबन इलाके से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी की टांग में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

48 घंटे पहले की थी फायरिंग
पकड़ा गया आरोपी रावर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसे पिछले दो दिनों से तलाश रही थी। आरोप है कि करीब 48 घंटे पहले उसने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी और उसके पैर में पांच गोलियां मारी थीं। इस घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।
अस्पताल में भर्ती, सुरक्षा कड़ी
मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार और स्कूटी बरामद करने का दावा किया है।
पूछताछ में और खुलासे की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे अन्य आपराधिक मामलों के खुलासे होने की संभावना है। पूरे मामले की जांच जारी है।










