Haryana Weather: हरियाणा में सूरज के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिन में झुलसाती गर्म हवाएं लोगों को घरों में कैद कर रही हैं, वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों में एडवाइजरी जारी कर लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे तक घरों में रहने की अपील की है। हालांकि स्कूलों की छुट्टी 1 से 2 बजे के बीच होने के कारण बच्चों पर लू का खतरा बना हुआ है।
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
दक्षिण हरियाणा में सबसे ज्यादा असर
आज 24 अप्रैल के लिए दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पलवल और नूंह में लू और ‘वार्म नाइट’ का दोहरा अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र और करनाल में भी गर्मी का असर तीव्र रहेगा। पश्चिमी जिलों में धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है।
9 शहरों में ‘वार्म नाइट’ की स्थिति
प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 25°C से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे ‘वार्म नाइट’ जैसी स्थिति बन गई है। नूंह में 28.7°C, चरखी दादरी में 28.3°C, भिवानी में 28.0°C, नारनौल में 26.4°C, गुरुग्राम में 25.7°C, रोहतक में 25.7°C, पानीपत में 25.6°C, अंबाला में 25.5°C, महेंद्रगढ़ में 25.4°C तापमान दर्ज किया गया।
26 अप्रैल से बदल सकता है मौसम
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। 26 अप्रैल में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 27 अप्रैल को उत्तर और मध्य हरियाणा में गरज-चमक, बारिश और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान का हाल
शुक्रवार को अधिकतम तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। फरीदाबाद में 43.4°C (सबसे अधिक), रोहतक में 43.3°C, सिरसा में 43.3°C तापमान दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में गुरुग्राम में तापमान में सबसे ज्यादा 5.0°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकांश शहरों में पारा 40°C के पार पहुंच चुका है।
रातों की बढ़ती गर्मी
न्यूनतम तापमान में भी 1.7°C की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य से 2.5°C अधिक है। सबसे गर्म रात में नूंह (28.7°C), चरखी दादरी में 28.3°C, सबसे कम में इंद्री (करनाल) 20.7°C तापमान दर्ज किया गया। रात की बढ़ती गर्मी और उमस के कारण लोगों को कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ रहा है।










