IAS Ankur Lather Success Story: उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलों के जिलाधिकारियों (DM) के तबादले किए हैं। इसी क्रम में बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर को फर्रुखाबाद का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। 2016 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले के राजगढ़ गांव की रहने वाली हैं और उन्हें यूपी कैडर के तेज-तर्रार अधिकारियों में गिना जाता है।

डॉ. अंकुर लाठर का शैक्षणिक और करियर सफर भी काफी प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने पीएमटी परीक्षा पास कर एम्स दिल्ली से एमबीबीएस की पढ़ाई की और वहीं दो साल तक चिकित्सक के रूप में सेवाएं दीं। हालांकि, सिविल सेवा में जाने के अपने जुनून के चलते उन्होंने मेडिकल क्षेत्र छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू की।

उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी उत्कृष्ट रही है। उन्होंने 10वीं में 94 प्रतिशत और 12वीं में 91 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। बताया जाता है कि उनके पिता डॉ. कर्ण सिंह लाठर का सपना था कि वह आईएएस बनें। उनका परिवार भी शिक्षा से जुड़ा रहा है। पिता वेटरनरी सर्जन हैं और छोटी बहन भी एम्स से एमबीबीएस कर चुकी हैं।

डॉ. अंकुर लाठर ने 2013 में यूपीएससी की तैयारी शुरू की और लगातार प्रयासों के बाद 2015 की सिविल सेवा परीक्षा में 77वीं रैंक हासिल की। इससे पहले 2014 में उनका चयन नहीं हो सका था, लेकिन परिवार के समर्थन ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।

अपने बचपन को याद करते हुए उन्होंने बताया था कि शुरुआती शिक्षा गांव के प्राइमरी स्कूल से शुरू हुई थी, जिसके बाद उनके पिता के हिसार ट्रांसफर के बाद उन्होंने डीएवी स्कूल में पढ़ाई की। वहीं से उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की।













