Haryana Cabinet Meeting: हरियाणा की आर्थिक राजधानी के रूप में पहचान बना चुका गुरुग्राम अब धीरे-धीरे सत्ता के केंद्र यानी पावर सेंटर के रूप में भी उभरता नजर आ रहा है। इसका बड़ा संकेत 22 अप्रैल को यहां आयोजित होने वाली राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक को माना जा रहा है।
आम तौर पर कैबिनेट बैठकें राजधानी चंडीगढ़ में होती हैं। हालांकि, कभी-कभी विशेष परिस्थितियों में अन्य शहरों में भी इनका आयोजन किया जाता है। जानकारों का मानना है कि गुरुग्राम में होने वाली यह बैठक न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे देश और दुनिया में शहर की छवि और मजबूत होगी, जिससे निवेश के नए अवसर भी बढ़ सकते हैं।
साइबर सिटी से पावर सेंटर तक का सफर
आज जिस गुरुग्राम को ग्लोबल साइबर सिटी के रूप में जाना जाता है, वह 1980 के दशक से पहले एक साधारण शहर था। 1982-83 में मारुति सुजुकी इंडिया का प्लांट लगने के बाद यहां औद्योगिक विकास की शुरुआत हुई। इसके बाद शहर ने तेजी से तरक्की की और आज यह ऑटोमोबाइल, आईटी, टेलीकॉम, गारमेंट और मेडिकल सेक्टर का बड़ा हब बन चुका है।
गुरुग्राम में आज हजारों आईटी और टेलीकॉम कंपनियां काम कर रही हैं। साथ ही, दुनिया की शीर्ष 500 कंपनियों में से 400 से अधिक के कॉरपोरेट ऑफिस यहां मौजूद हैं। गगनचुंबी इमारतें, फाइव स्टार होटल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर इस शहर को वैश्विक पहचान दिलाते हैं।
कैबिनेट बैठक से बढ़ेगी पहचान
22 अप्रैल को होने वाली कैबिनेट बैठक के साथ ही प्रदेश का पूरा प्रशासनिक एजेंडा गुरुग्राम में तय होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक भविष्य में भी चंडीगढ़ से बाहर कैबिनेट मीटिंग्स के लिए गुरुग्राम को प्राथमिक विकल्प बना सकती है।
अब तक राजधानी से बाहर कैबिनेट बैठकें केवल दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आयोजित की जाती रही हैं। लेकिन गुरुग्राम का लोकेशन और सुविधाएं इसे और बेहतर विकल्प बनाती हैं।
बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं
गुरुग्राम का PWD रेस्ट हाउस दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से बेहद नजदीक स्थित है, जिससे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से यहां पहुंचना आसान हो जाता है। यही कारण है कि इसे कैबिनेट बैठक के लिए चुना गया है।
जिला उपायुक्त उत्तम सिंह के अनुसार, शहर में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं और बैठक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनका मानना है कि इस आयोजन से गुरुग्राम की छवि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।








