Haryana News: हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव लाली में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब प्राइवेट स्कूल की बस गली में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से टकरा गई। उस समय बस में करीब 45 बच्चे सवार थे, लेकिन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बस चालक राजेश कुमार बच्चों को लेने गांव पहुंचा था। गली में एक ट्रॉली खड़ी होने के कारण रास्ता संकरा हो गया था, फिर भी ड्राइवर ने बस निकालने की कोशिश की। इसी दौरान बस ट्रांसफार्मर से टकरा गई।
टक्कर के बाद बस के टायरों से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रोजाना 50 बच्चे जाते हैं स्कूल
ग्रामीणों के अनुसार, गांव लाली से रोजाना करीब 50 बच्चे अल्पाइन टॉप स्कूल में पढ़ने जाते हैं, जो स्टेट हाईवे पर गांव रतनगढ़ के पास स्थित है।
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि गली में ट्रांसफार्मर गलत जगह पर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि इस बारे में कई बार बिजली विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
स्कूल प्रबंधन का पक्ष
स्कूल प्रिंसिपल जीआर पाटील ने बताया कि घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। वहीं स्कूल संचालक कपीश गुप्ता के अनुसार, बस को घुमाते समय खंभे से लटक रही बिजली की तार बस के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे यह घटना हुई।







