Gold Silver Price: वैश्विक बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को बढ़त दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच दोनों कीमती धातुओं में तेजी देखी गई, हालांकि सोना इस महीने 17 साल की सबसे बड़ी गिरावट की ओर बढ़ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी एक्सचेंज COMEX पर सोने की कीमत करीब 1.25% बढ़कर 4,618 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई। पिछले सत्र में भी इसमें 0.4% की बढ़त दर्ज की गई थी।
वहीं चांदी में और ज्यादा तेजी देखने को मिली। एशियाई कारोबार के दौरान चांदी 3.7% उछलकर 73.2 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
तेजी के पीछे प्रमुख कारण
कीमतों में इस उछाल के पीछे कई अहम वजहें बताई जा रही हैं। कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि से महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है। इससे बाजार में यह धारणा बनी है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक Federal Reserve निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती नहीं करेगा, बल्कि उन्हें ऊंचा बनाए रख सकता है।
हालांकि, फेडरल रिजर्व के चेयरमैन Jerome Powell ने संकेत दिया है कि फिलहाल केंद्रीय बैंक “इंतजार और निगरानी” की नीति पर काम कर रहा है और दीर्घकालिक महंगाई की उम्मीदें नियंत्रण में हैं।
डिप बाइंग से मिला सहारा
Bloomberg की रिपोर्ट के अनुसार, मिडिल ईस्ट तनाव के बाद आई गिरावट का फायदा उठाते हुए निवेशकों ने सोने में खरीदारी (डिप बाइंग) शुरू कर दी है। इससे कीमतों को सपोर्ट मिला है।










