Haryana News: हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित खरीफ कृषि मेला-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के 42 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और खेती से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान भी किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘मेरा पानी-मेरी विरासत’ योजना के तहत दलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को अतिरिक्त प्रोत्साहन देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अब किसानों को 2 हजार रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त बोनस मिलेगा। पहले इस योजना के तहत 8 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता दी जा रही थी, जिसे बढ़ाकर अब 10 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दिया गया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भिवानी जिले के गोकुलपुरा में 64 एकड़ क्षेत्र में बने पोषक अनाज अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन भी किया। यह केंद्र करीब 11.67 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है और इससे पोषक अनाजों के अनुसंधान और उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।







