Gold Silver Price: देशभर में सोने की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 22 मार्च की सुबह नई दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव गिरकर 1,49,050 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं मुंबई, पुणे और बेंगलुरु में यह कीमत 1,48,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले 20 मार्च को दिल्ली के सराफा बाजार में सोना 650 रुपये यानी 0.42% गिरकर 1,52,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
सोने की कीमतों में इस गिरावट के पीछे कई वैश्विक और आर्थिक कारण माने जा रहे हैं। बढ़ती महंगाई की चिंता, केंद्रीय बैंकों का ब्याज दरों पर सख्त रुख और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल इसके प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, डॉलर के मजबूत होने और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण भी सोने पर दबाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने का भाव 4,663.54 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया है।
अगर देश के बड़े शहरों की बात करें, तो नई दिल्ली में 22 कैरेट सोना 1,36,690 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,49,050 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं चेन्नई, कोलकाता और मुंबई में 22 कैरेट का भाव 1,36,540 रुपये और 24 कैरेट का भाव 1,48,900 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
अन्य शहरों में भी कीमतें लगभग इसी स्तर पर बनी हुई हैं। अहमदाबाद और भोपाल में 24 कैरेट सोना 1,48,950 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है, जबकि जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में यह कीमत 1,49,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब बनी हुई है।
दूसरी कीमती धातु चांदी की कीमतों में भी गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है। 21 मार्च को चांदी का भाव 2,54,900 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। हालांकि, इससे एक दिन पहले दिल्ली सराफा बाजार में चांदी 1,800 रुपये बढ़कर 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 72.18 डॉलर प्रति औंस है।













