Gold Silver Price: वैश्विक अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी की कीमतों में मंगलवार को तेज उछाल देखने को मिला। अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण निवेशकों ने फिर से बुलियन बाजार की ओर रुख किया, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बाजार में चांदी की कीमत में बड़ी तेजी आई और यह 9,250 रुपये बढ़कर 2.77 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। वहीं सोने का भाव भी 1,230 रुपये बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
वैश्विक बाजार में भी उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड लगभग 1 प्रतिशत बढ़कर 5,145 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। वहीं स्पॉट सिल्वर में तेज उछाल आया और इसकी कीमत करीब 4 प्रतिशत बढ़कर 87.9 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई।
ट्रंप के बयान से पहले आई थी गिरावट
इससे पहले सोना-चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट देखी गई थी। दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया था कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष लगभग समाप्त होने की स्थिति में है। इस बयान के बाद कुछ समय के लिए सुरक्षित निवेश की मांग में कमी आई थी।
डॉलर इंडेक्स में मजबूती
इस दौरान US Dollar Index भी मजबूत होकर 99.42 तक पहुंच गया। आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर डॉलर में कीमत तय होने वाली धातुएं अन्य मुद्राओं में निवेशकों के लिए महंगी हो जाती हैं, जिससे मांग पर दबाव पड़ सकता है।
बढ़ते तनाव से महंगाई की चिंता
विश्लेषकों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ऊर्जा कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका भी तेज हो गई है। इसी कारण निवेशकों को उम्मीद है कि Federal Reserve सहित कई केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनाए रख सकते हैं या जरूरत पड़ने पर उन्हें और बढ़ा सकते हैं।
हालांकि आमतौर पर ऊंची ब्याज दरें बिना ब्याज देने वाली संपत्तियों जैसे सोना और चांदी के लिए नकारात्मक मानी जाती हैं, लेकिन मौजूदा वैश्विक अनिश्चितता के कारण इन धातुओं में निवेश की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है।












