Success Story: कहते हैं मेहनत ऐसी करो कि सफलता खुद शोर मचा दे। ऐसा ही कर दिखाया है गुरुग्राम पुलिस में तैनात ASI की बेटी ने। सहायक उप निरीक्षक रामबीर सिंह की बेटी प्रख्या गुलिया ने Union Public Service Commission (UPSC) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में 265वां रैंक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी खुशी का माहौल है।
पुलिस कमिश्नर ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर विकास अरोड़ा ने क्राइम ब्रांच पीओ स्टाफ में कार्यरत सहायक उप निरीक्षक रामबीर सिंह की बेटी प्रख्या गुलिया को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पढ़ाई के बाद शुरू की UPSC की तैयारी
प्रख्या गुलिया शुरू से ही एक मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने नेकी राम कॉलेज, रोहतक से बीएससी और बीएड की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने UPSC परीक्षा की तैयारी शुरू की।
कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने UPSC परीक्षा 2025 में पूरे देश में 265वां स्थान हासिल किया।
पहले भी कर चुकी हैं सफलता हासिल
यह पहला मौका नहीं है जब प्रख्या गुलिया ने UPSC परीक्षा में सफलता पाई हो। इससे पहले 2023 में भी उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर 584वां रैंक हासिल किया था।
उनकी इस उपलब्धि पर गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुशी जताई है और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।













