Haryana Police Constable Bharti: हरियाणा में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। Haryana Staff Selection Commission (HSSC) ने फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह प्रक्रिया 15 अप्रैल से ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू होगी।
आयोग के अनुसार, शुरुआती एक सप्ताह तक प्रतिदिन करीब 1,000 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा, जबकि इसके बाद यह संख्या बढ़ाकर 3,000 तक कर दी जाएगी। टेस्ट का समय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
हाइट और छाती मापने के लिए हाईटेक मशीनें
PMT प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। उम्मीदवारों की हाइट और छाती मापने के लिए जर्मन तकनीक की करीब 25 मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों में सेंसर लगे हैं, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या चालाकी की संभावना खत्म हो जाती है। यदि कोई उम्मीदवार एड़ी उठाने की कोशिश करता है, तो मशीन तुरंत उसे पकड़ लेगी।
तीन चरणों में होगी पूरी भर्ती प्रक्रिया
PMT में सफल उम्मीदवारों को फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) के लिए बुलाया जाएगा। PST पास करने वालों को लिखित परीक्षा देनी होगी। आयोग का लक्ष्य है कि लिखित परीक्षा से पहले की पूरी प्रक्रिया लगभग 85 दिनों में पूरी कर ली जाए, जिससे जुलाई के बाद लिखित परीक्षा शुरू हो सके।
अभ्यर्थियों के लिए खास व्यवस्थाएं
पंचकूला पहुंचने वाले उम्मीदवारों के लिए परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई है। चंडीगढ़ और पंचकूला डिपो से बसें चलाई जाएंगी, जो जीरकपुर और रेलवे स्टेशन से स्टेडियम तक पिक एंड ड्रॉप सुविधा देंगी।
टेस्ट प्रक्रिया के दौरान खेल विभाग और अन्य विभागों से कोचों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो आयोजन में सहयोग करेंगे। इसके अलावा, सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से अभ्यर्थियों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था करने की भी योजना बनाई जा रही है।
हर समय मौजूद रहेगा आयोग का सदस्य
पूरी प्रक्रिया के दौरान HSSC का एक सदस्य स्टेडियम में मौजूद रहेगा, ताकि किसी भी अभ्यर्थी की समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
2.70 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए लगभग 2.70 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 थी। अब सभी अभ्यर्थियों की नजर PMT प्रक्रिया पर टिकी हुई है, जो भर्ती का पहला और महत्वपूर्ण चरण है।







