Haryana Weather: हरियाणा के लगभग सभी जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं दक्षिण हरियाणा के कुछ जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है, जहां तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा। कई जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार सामान्यतः 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि कुछ जगहों पर तेज झोंके 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। बिजली गिरने की घटनाओं में भी बढ़ोतरी की आशंका है।
इससे पहले 2 अप्रैल को हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में तेज आंधी चली थी, जबकि हिसार में रात के समय जोरदार बारिश दर्ज की गई। वहीं 31 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे करीब 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
आज के मौसम की बात करें तो दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों जैसे हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी और महेंद्रगढ़ में आंधी और ओलावृष्टि का ज्यादा खतरा बना हुआ है। वहीं उत्तरी और पूर्वी जिलों—अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र—में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत जैसे मध्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तापमान की बात करें तो राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन 1.8 डिग्री की वृद्धि के साथ तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। करनाल में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में 17.6, हिसार में 18.2 और रोहतक में 18.8 डिग्री रहा। अंबाला में यह 20.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान में यह बढ़ोतरी बादलों और नमी के कारण बनी हुई है।
वहीं दिन के तापमान में तेज उछाल देखा गया है। औसतन 4.1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.9 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। गुरुग्राम में सबसे अधिक 37.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि भिवानी में 37.2, अंबाला में 36.8 और करनाल व रोहतक में 36.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। हिसार में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री रहा। हालांकि 3 और 4 अप्रैल को संभावित बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।







