Haryana News: हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने दिल्ली में नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसमें कई अहम राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मुलाकात के बाद संकेत मिले हैं कि प्रधानमंत्री जल्द ही अंबाला दौरे पर आ सकते हैं, जहां वे शहीद स्मारक का उद्घाटन कर सकते हैं। साथ ही, पंजाब और पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच मंथन हुआ।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की पहले से तय बैठकों के बीच अचानक बुलावे के बाद सीएम सैनी दिल्ली रवाना हुए, जिससे उनके दौरे को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अटकलें हैं कि उन्हें पंजाब चुनाव में पार्टी की ओर से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इस मुलाकात को लेकर सीएम सैनी का शेड्यूल भी तीन बार बदला गया। पहले उनका पश्चिम बंगाल दौरा तय था, जिसे बाद में रद्द कर वे चंडीगढ़ में रहे और विभिन्न बैठकों में शामिल हुए। इसके बाद फिर से कार्यक्रम बदलते हुए उन्हें दिल्ली बुलाया गया, जहां वे सुबह स्टेट प्लेन से रवाना हुए।
हरियाणा में 2024 की जीत के बाद सैनी पार्टी के प्रमुख चेहरों में उभरकर सामने आए हैं और पिछले एक महीने से पंजाब में लगातार सक्रिय हैं। वे गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। कई मौकों पर वे केसरिया पगड़ी में नजर आए और स्थानीय भाषा में लोगों से संवाद करते दिखे।







