Masoom Sharma: देहरादून में आयोजित एक लाइव शो के दौरान स्टेज से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को भारी पड़ गया। देहरादून में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सत्यम शिवम छात्र संगठन (DAV कॉलेज) के छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत पर की गई। पुलिस ने देर रात करीब 11 बजे मामला दर्ज किया।
इससे पहले पुलिस ने सिंगर को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर जवाब देने को कहा था। वहीं हरियाणा महिला आयोग ने भी उन्हें 18 अप्रैल को पंचकूला स्थित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया है।
मामले को लेकर भिवानी के एडवोकेट अशोक आर्य ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मासूम शर्मा ने मंच से अश्लील गालियां और हिंसक बयानबाजी की, जो समाज में गलत संदेश देती है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित वीडियो हटाने और सिंगर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद मासूम शर्मा सोशल मीडिया पर भी जमकर ट्रोल हो रहे हैं। कई यूजर्स ने उनके व्यवहार की आलोचना करते हुए गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।
इस मामले में प्रमोद कुमार (एसपी सिटी, देहरादून) ने बताया कि DAV कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल की शिकायत मिली थी। पुलिस ने जांच के बाद FIR दर्ज की। डालनवाला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296 (अश्लील कृत्य), 352 (शांति भंग), 79 (महिला की गरिमा को ठेस) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है।
यह पूरा विवाद 10 अप्रैल को शुरू हुआ था, जब मासूम शर्मा DAV कॉलेज में परफॉर्म करने पहुंचे थे। शो के दौरान उन्होंने एक कथित बदमाश को लेकर गालियां दीं। बाद में सिंगर ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी और दावा किया कि उन्हें पहले से धमकियां मिल रही थीं, जिसका तनाव मंच पर निकल गया।







