Kal Ka Mausam: मार्च के अंतिम सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। India Meteorological Department (IMD) के मुताबिक अगले 24 घंटे बाद देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। खासतौर पर 28 से 30 मार्च के बीच 11 राज्यों में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे आम लोगों के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
ल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। वहीं 29 और 30 मार्च को हरियाणा और चंडीगढ़ में मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब में भी गरज-चमक के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है।
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 28 से 31 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के झोंके देखने को मिल सकते हैं। वहीं 30 मार्च को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 28 से 31 मार्च के बीच भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। वहीं मध्य भारत के मध्य प्रदेश,छतीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी गरज-चमक, बारिश और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वी भारत में हालात ज्यादा गंभीर रह सकते हैं। झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
IMD के अनुसार, 31 जिलों में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, आगरा जैसे जिले और बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर समेत कई इलाके शामिल हैं। पहाड़ी क्षेत्रों जैसे शिमला, नैनीताल और चमोली में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
पश्चिमी और दक्षिण भारत में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा। महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा है। वहीं दक्षिण भारत केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ उमस और गर्मी का असर भी बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले में जाने से बचें, खासकर आकाशीय बिजली के समय। किसानों और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को भी सतर्क रहने और ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।








