Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। 18 मार्च की शाम से शुरू हुए इस बदलाव के चलते 19 और 20 मार्च तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, पंचकुला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत जैसे उत्तर और पूर्वी जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा।
इन क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
20 मार्च को भी बना रहेगा असर
20 मार्च को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे हल्की ठंडक महसूस होगी।
कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि
बुधवार शाम रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। इसके अलावा गुरुग्राम, भिवानी, हिसार, सिरसा, नारनौल और महेंद्रगढ़ में भी बारिश दर्ज की गई।
नारनौल में तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया, वहीं बिजली गिरने से 28 बकरियों की मौत हो गई। कई जगहों पर तेज हवा से पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।
क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार बादलों और नमी के कारण रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी, लेकिन दिन में ठंडक बनी रह सकती है।







