NHAI: अगर आप अक्सर राष्ट्रीय पर सफर करते हैं और सालाना टोल पास बनवाया हुआ है, तो 1 अप्रैल से आपको इसके लिए पहले से ज्यादा पैसे देने होंगे। दरअसल NHAI ने सालाना टोल पास की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे हाईवे पर सफर थोड़ा महंगा हो जाएगा।
एनएचएआई के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से सालाना टोल पास के लिए वाहन चालकों को 3,000 रुपये की जगह 3,075 रुपये चुकाने होंगे। यह नई दर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लागू की जाएगी। यह सुविधा केवल निजी (नॉन-कमर्शियल) वाहनों के लिए होती है, जिनमें वैध और एक्टिव FASTag लगा हुआ हो।
नए नियम के मुताबिक 3,075 रुपये का यह पास एक साल या 200 बार टोल क्रॉसिंग तक मान्य रहेगा। इनमें से जो भी शर्त पहले पूरी होगी, वही लागू होगी। यानी अगर कोई वाहन 200 बार टोल पार कर लेता है, तो पास की वैधता खत्म हो जाएगी, भले ही एक साल पूरा न हुआ हो।
एनएचएआई ने सभी टोल प्लाजा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 1 अप्रैल 2026 से नई दरें लागू की जाएं और इसकी जानकारी यात्रियों व अन्य हितधारकों को दी जाए। सरकार के अनुसार टोल शुल्क की दरों की हर साल समीक्षा की जाती है और उसी प्रक्रिया के तहत इस बार सालाना पास की कीमत में हल्की बढ़ोतरी की गई है।












