Haryana Weather: हरियाणा में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई जिलों में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते दिन में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है और गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 25 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 27 मार्च तक देखने को मिलेगा। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इससे पहले 19 और 20 मार्च को भी हरियाणा में करीब 200 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इस भारी बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ था, और अब आगामी बारिश और आंधी से किसानों की चिंता फिर बढ़ गई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के मुताबिक, 26 मार्च तक मौसम लगातार बदलता रहेगा। 22 मार्च को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 23 से 25 मार्च के बीच आंशिक बादल और हल्की हवाएं चलेंगी। इसके बाद 25 मार्च की रात दूसरा विक्षोभ आएगा, जिससे 26 और 27 मार्च को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और बादल छाए रह सकते हैं।
दिन के तापमान की बात करें तो बारिश और बादलों के कारण इसमें तेज गिरावट दर्ज की गई है। औसतन करीब 4.9°C तक तापमान गिरा है, जबकि कुछ जिलों में यह गिरावट 7°C तक पहुंच गई। भिवानी में अधिकतम तापमान 28.3°C दर्ज किया गया, जबकि हिसार, करनाल, गुरुग्राम और अंबाला जैसे जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे रहा। धूप कम निकलने और ठंडी हवाओं के कारण दिन में गर्मी का असर काफी कम हो गया है।
वहीं रात के तापमान में भी गिरावट देखी गई है। औसतन न्यूनतम तापमान करीब 2.9°C गिरा है। करनाल के इंद्री क्षेत्र में सबसे कम 11°C तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़, अंबाला, नारनौल और जींद सहित कई जिलों में रात का तापमान 11 से 14°C के बीच रहा, जिससे रात में हल्की ठंडक बनी हुई है।








