Haryana Weather: हरियाणा में मार्च के मध्य में ही गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है। प्रदेश के 6 जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जो सामान्य से करीब 7.5°C अधिक है।
वहीं दूसरी ओर राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.6°C की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य से करीब 5.1°C ज्यादा बना हुआ है।
सामान्य से काफी ज्यादा है तापमान
आमतौर पर मार्च के महीने में अधिकतम तापमान 27 से 28°C और न्यूनतम तापमान 11 से 12°C के बीच रहता है। लेकिन इस बार अधिकतम तापमान 34 से 35°C के आसपास और न्यूनतम तापमान 16 से 17°C के करीब दर्ज किया जा रहा है।
बुधवार को नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5°C दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.4°C सोनीपत में रिकॉर्ड हुआ।
14 मार्च से मौसम बदलने के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से प्रदेश में मौसम बदल सकता है। इस दौरान हल्की बारिश की संभावना है, जिससे बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
एक्सपर्ट की राय: अभी दो दिन रहेगा मौसम साफ
चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर चंद्रशेखर डागर के अनुसार अगले दो दिन तक मौसम साफ और शांत बना रहेगा।
उन्होंने बताया कि 12 और 13 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 14 मार्च से मौसम में हलचल शुरू हो सकती है।
इन जिलों में चल सकती हैं तेज हवाएं
14 मार्च को फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं।
इसके बाद 15 मार्च को यह मौसम गतिविधि प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत की ओर बढ़ सकती है।
मौसम विभाग का मानना है कि इस बदलाव से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।







