Haryana Weather: हरियाणा में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने जारी किया ये अलर्ट

Published On: March 15, 2026
Follow Us

Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और बारिश के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंचा है। रेवाड़ी में तेज गरज के साथ ओले गिरे, जबकि गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, सोनीपत और रोहतक समेत कई जिलों में सुबह से हल्की बारिश का दौर जारी है।

दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट में भी तेज आंधी का असर देखने को मिला, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। तड़के करीब 4 बजे से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई थीं। सोनीपत में गेहूं की फसल तेज हवाओं के कारण खेतों में गिर गई, जबकि कटाई के लिए खेतों में पड़ी सरसों भी बूंदाबांदी से प्रभावित हुई है। बारिश के कारण तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है।

कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फिलहाल सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी है।

अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, अगले कुछ घंटों में चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, रेवाड़ी और गुरुग्राम सहित लगभग पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। हिसार, फतेहाबाद और सिरसा सहित कई जिलों में देर रात भी हल्की बारिश दर्ज की गई।

18 से 20 मार्च के बीच फिर बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 18 से 20 मार्च के बीच प्रदेश में फिर से बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

जींद, कैथल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, यमुनानगर और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान सामान्य से ऊपर, नूंह सबसे गर्म

शनिवार को हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
नूंह में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री अधिक है। चरखी दादरी में 33.3, भिवानी में 32.6 और महेंद्रगढ़ में 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

  • 15–16 मार्च: तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना, 40 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
  • 17 मार्च: बारिश रुकने की संभावना, कई जिलों में मौसम साफ रह सकता है।
  • 18–20 मार्च: फिर हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

Sahab Ram

साहब राम "द न्यूज़ रिपेयर" के एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। साहब का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment