Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में मंगलवार तड़के क्राइम ब्रांच और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में ज्वेलरी शॉप में 64 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित चल रहा बदमाश धर्मवीर उर्फ बाबू घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लूट, हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 11 मामले दर्ज हैं।
इससे पहले इसी मामले में उसके दो साथी जावेद और साकिब को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि धर्मवीर फरार चल रहा था।
ऐसे हुआ पुलिस से सामना
क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी धर्मवीर दिल्ली से फरीदाबाद अपने एक साथी से मिलने आने वाला है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुगलकाबाद-सूरजकुंड रोड पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की।
सुबह करीब 5:30 बजे बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक तेज भगाकर भागने लगा। कुछ दूरी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घेराबंदी के बाद फायरिंग
पुलिस ने पीछा कर आरोपी को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने को कहा। आरोप है कि इस दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में जा लगी।
इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया। मौके से एक पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की गई।
बड़े अपराध की फिराक में था आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि धर्मवीर फरीदाबाद में किसी बड़े शोरूम को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। फिलहाल उसका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे कई और मामलों का खुलासा हो सकता है। साथ ही गैंग के एक अन्य फरार सदस्य रेहान उर्फ रॉबिन की तलाश जारी है।







