Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने सख्त रुख अपनाया। बैठक में कुल 15 एजेंडे रखे गए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 6 मामलों को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।
इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर को दोबारा सस्पेंड करने के आदेश
लाडवा की महावीर कॉलोनी निवासी सोनू नारंग की शिकायत पर मंत्री ने फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर नवीन कुमार और सब-इंस्पेक्टर अशोक कुमार को दोबारा सस्पेंड करने के आदेश दिए। मंत्री ने हैरानी जताई कि पहले सस्पेंड किए गए अधिकारियों को किस आधार पर बहाल किया गया।
DFSC से मांगा जवाब
इस मामले में DFSC नरेश कुमार ने बताया कि उनके जॉइन करने से पहले ही दोनों अधिकारियों को बहाल किया जा चुका था। इस पर मंत्री ने पूरा केस स्टेटस लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए दोबारा सस्पेंड करने के निर्देश दिए, साथ ही मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने को कहा।
मकान विवाद में गिरफ्तारी के आदेश
बैठक के एक अन्य मामले में विष्णु कॉलोनी निवासी सोम प्रकाश की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मंत्री ने आरोपी हरी सिंह को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। आरोप था कि पूरी रकम लेने के बावजूद मकान की कब्जा नहीं दिया गया। मंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता को तुरंत मकान की पजेशन दिलाई जाए।
प्लॉट में पेड़ कटवाने के निर्देश
सेक्टर-2 की सरोजबाला की शिकायत पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण HSVP को प्लॉट की निशानदेही करने और वन विभाग को पेड़ कटवाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता पिछले एक साल से विभाग के चक्कर काट रहा था, इसलिए उसे मुआवजा भी दिया गया।
गैस कालाबाजारी पर सख्ती
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 12 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और करीब 169 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इनमें नारनौल, अंबाला, करनाल, फरीदाबाद, जींद और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में सिलेंडर बरामद हुए हैं।








