Haryana News: हरियाणा में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बीच पार्टी में बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव के दौरान 5 विधायकों पर पार्टी लाइन से हटकर वोट करने के आरोप लगे, जबकि 4 वोट रद्द भी हुए। हालांकि, अब तक कांग्रेस ने इन विधायकों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।
गोकुल सेतिया ने जताई नाराजगी
गोकुल सेतिया का नाम भी इन विधायकों में जोड़े जाने की अफवाहों के बाद उन्होंने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने वीडियो बयान जारी कर सवाल उठाया कि पार्टी अब तक आधिकारिक रूप से नामों की घोषणा क्यों नहीं कर रही।
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने का ऐलान
सेतिया ने ऐलान किया है कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर सुबह 10 बजे धरने पर बैठेंगे। उन्होंने पार्टी के अन्य विधायकों से भी इस विरोध में शामिल होने की अपील की है।
मुलाकातों से बढ़ी अटकलें
हाल ही में सेतिया की नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात के बाद राजनीतिक अटकलों को और बल मिला। हालांकि सेतिया ने इसे केवल सामाजिक मुलाकात बताया है।
सेतिया ने अपने बयान में कहा कि “पार्टी मेरी मां है और एक बच्चा अपनी मां से सवाल कर सकता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वह बगावत नहीं कर रहे, लेकिन पार्टी को कमजोर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि 5-7 लोगों को पार्टी से बाहर किया जाता है तो इससे संगठन और मजबूत होगा और भविष्य में कोई इस तरह की हरकत नहीं करेगा।







