Haryana Weather: में पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानों में भी दिखाई देने लगा है। ठंडी हवाएं चलने से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को एक बार फिर हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
ठंडी हवाओं और बादलों के कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। सोमवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरसा में 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में 14.0°C, करनाल में 13.9°C और नारनौल में 13.0°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36°C गुरुग्राम में दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च को कई जिलों में फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
20 मार्च को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मार्च के मध्य में भी तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंडक बनी रह सकती है।
एक और पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार हरियाणा में मौसम 18 मार्च तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च की रात एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके आंशिक प्रभाव से 19 मार्च से प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना है।







