Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूलों को खाली करा दिया गया और बच्चों व स्टाफ को घर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुबह स्कूल खुलने के समय करीब एक दर्जन स्कूलों को एक साथ धमकी भरा ई-मेल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और स्कूल परिसरों की जांच शुरू कर दी।
DAV स्कूल में चला सर्च ऑपरेशन
DAV पब्लिक स्कूल सेक्टर 14, गुरुग्राम में पुलिस और बम डिस्पोजल यूनिट ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। पूरे स्कूल कैंपस को खाली कराकर डॉग स्क्वॉड की मदद से क्लासरूम और अन्य हिस्सों की जांच की गई। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
खालिस्तानी संगठन का दावा
धमकी भरे ई-मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी नाम के संगठन ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। मेल में हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini का जिक्र करते हुए खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन करने की धमकी दी गई है।
ई-मेल में यह भी लिखा गया है कि स्कूलों में 1 बजकर 11 मिनट और ट्रेनों में 3 बजकर 11 मिनट पर विस्फोट होने का दावा किया गया है।
इन स्कूलों को भेजी गई धमकी
धमकी भरा मेल गुरुग्राम के कई बड़े स्कूलों को भेजा गया है, जिनमें Amity International School Gurgaon, Pragyanam School, The Shriram Millennium School, Salwan Public School, Lancers International School, Heritage Xperiential Learning School, Shiv Nadar School और The Shriram Aravali School सहित करीब एक दर्जन स्कूल शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने शहर में सतर्कता बढ़ा दी है।







