HPSC : कंप्यूटर साइंस के 1711 पदों के लिए 39 पास, बवाल के बाद फिर निकली 1672 पदों पर भर्ती

Published On: February 6, 2026
Follow Us
Recruitment for 1672 positions in Computer Science.

हरियाणा लोकसेवा आयोग (HPSC) की ओर से पीजीटी कंप्यूटर साइंस के 1711 पदों के लिए ली गई लिखित परीक्षा को केवल 39 अभ्यर्थी ही पास कर पाए हैं। इन पदों के लिए 5000 से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया था लेकिन बाकी सभी 35 फीसदी कट ऑफ तक नहीं ला पाए। इन 39 का साक्षात्कार अभी होना है। परिणाम जारी होने के बाद उठे बवाल व विपक्ष के आरोपों के बाद एचपीएससी ने कुछ ही घंटों बाद बाकी बचे 1672 पदों के लिए दोबारा भर्ती निकाल दी, जबकि निकाली गई भर्ती की प्रक्रिया पूर्ण होना बाकी है।

विपक्ष ने इस मुद्दे पर एचपीएससी पर निशाना साधा। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के युवाओं का हक छीना जा रहा है। वहीं, सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने एचपीएससी चेयरमैन को बर्खास्त करने की मांग की।

हरियाणा लोक सेवा आयोग ने पहले 2019 में पीजीटी कंप्यूटर साइंस की पोस्ट निकाली थी। मगर उस दौरान भर्तियां नहीं हुई। उसके बाद साल 2023 में दोबारा से 1711 ( हरियाणा कैडर के 1633 व मेवात कैडर के 78 पदों) पदों पर पोस्ट निकाली। इन पदों पर पांच हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। एचपीएससी की ओर से जब पांच फरवरी को परिणाम निकाला गया तो मात्र 39 अभ्यर्थी ही परीक्षा को पास कर पाए। परिणाम आते ही हंगामा मच गया।

पेपर बन रहे कठिन

एचपीएससी की ओर से इन परीक्षाओं के लिए 35 फीसदी कट आफ रखा गया है, मगर अभ्यर्थी इसे भी पास नहीं कर पा रहे। बताया जा रहा है कि पेपर काफी कठिन बन रहे हैं। पिछले दिनों भी कई एग्जाम में ऐसा देखा गया है, जब अभ्यर्थी 35 फीसदी के कटआफ को पास नहीं कर पाए। बीते वर्ष अंग्रेजी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर (काॅलेज कैडर) के लिए 613 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में केवल 151 ही अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। असिस्टेंट प्रोफेसर डिफेंस स्टडी की परीक्षा में 23 में से 7 ही अभ्यर्थी उत्तीर्ण हो सके थे।

पीजीटी फिजिकल एजुकेशन में 226 में से 47 ही अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। वहीं, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग लेक्चरर के 15 और इंस्ट्रूमेंट एंड कंट्रोल इंजीनियर लेक्चरर के 20 पदों पर भी एक भी अभ्यर्थी विषय ज्ञान परीक्षा में 35 प्रतिशत अंक नहीं ला सके थे।

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “HPSC : कंप्यूटर साइंस के 1711 पदों के लिए 39 पास, बवाल के बाद फिर निकली 1672 पदों पर भर्ती”

Leave a Comment