Haryana : हरियाणा में 17 सितम्बर से शुरू होगा ये खास अभियान, CM सैनी समेत कई दिग्गज मंत्री करेंगे शुभारंभ

Published On: September 13, 2025
Follow Us
This special campaign will start in Haryana from September 17

Haryana : हरियाणा सरकार आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक प्रदेश में व्यापक ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ शुरू करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारम्भ केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 17 सितम्बर को रोहतक में संयुक्त रूप से करेंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अपने जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। मुख्य सचिव ने बताया कि रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के परिसर में विशेष स्वास्थ्य क्योस्क स्थापित किए जाएंगे, जहाँ महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जाँच होगी। इसमें उच्च रक्तचाप, कैंसर, एनीमिया और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की स्क्रीनिंग शामिल होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि एमडीयू ऑडिटोरियम में एक वरिष्ठ चिकित्सक को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया जाए और कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन से एक वरिष्ठ अधिकारी को भी तैनात किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल ने बताया कि इस अभियान से प्रदेशभर में व्यापक रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच बढ़ेगी। इसके अंतर्गत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) पर 122 विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग तथा मनोचिकित्सा से संबंधित सेवाएँ उपलब्ध होंगी। प्रत्येक शिविर में लगभग 300 मरीजों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। Haryana

‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के अन्तर्गत प्रदेशभर में 75,000 चश्मे निःशुल्क बांटे जाएंगे। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए 75 नए ओबेसिटी क्लिनिकों का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही, 138 ब्लड बैंकों में 696 रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में व्यापक स्वास्थ्य जाँच भी की जाएगी, जहाँ अभियान की पूरी अवधि में प्रतिदिन 50 से 100 मरीजों की स्क्रीनिंग होगी। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य संस्थानों में पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके तहत 50,000 पौधे रोपित किए जाएंगे। प्रदेश के स्वास्थ्य परिवेश में बदलाव लाने के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग की इस अभियान में सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, पोषण जागरूकता बढ़ाने और निवारक देखभाल को प्रोत्साहित के लिए पोषण अभियान और विशेष टीकाकरण सप्ताह जैसी पूरक गतिविधियाँ चलाई जाएंगी।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री टी.एल. सत्यप्रकाश, विभाग की महानिदेशक सुश्री मोनिका मलिक, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री रिपुदमन सिंह ढिल्लों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। Haryana

Sahab Ram

साहब राम "द न्यूज़ रिपेयर" के एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। साहब का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment