Haryana : हरियाणा के गुरुग्राम से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक जापानी टूरिस्ट से 1000 रुपए रिश्वत लेने के आरोप में DCP ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने एक जोन ऑफिसर (ZO), एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड को सस्पेंड कर दिया। आपको बता दें कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने गैलेरिया मार्केट क्षेत्र में जांच के दौरान हेलमेट न होने पर एक जापानी महिला से एक हजार रुपए की रिश्वत ले ली। इस दौरान महिला ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
जानें महिला ने वीडियो में क्या कहा?
इस पर DCP ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने सोमवार शाम को जोन ऑफिसर, कॉन्स्टेबल और एक होमगार्ड को सस्पेंड कर दिया। जापानी महिला द्वारा जारी वीडियो में कहा गया वाह! गुरुग्राम पुलिस ने एक जापानी टूरिस्ट से 1000 रुपए ले लिए, वो भी बिना रसीद। इस तरह वे विदेश में भारत की छवि खराब करते हैं।
वाह! गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस…
जापानी टूरिस्ट से 1000 रुपये की रिश्वत ली।
स्कूटी पर पीछे बैठे शख्स ने बनाया वीडियो।
जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा… #gurugram @TrafficGGM pic.twitter.com/CJtnkrBWmK— Abhishek Tiwari (@abhishe_tiwary) September 2, 2025
नहीं दी कोई रसीद
मिली जानकारी के अनुसार वीडियो जापानी महिला के साथ स्कूटी पर पीछे बैठे किसी और ने बनाया। शायद उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था। ट्रैफिक पुलिस ने फाइन के नाम पर एक हजार रुपए मांगे थे। रुपए लेने के बाद उन्हें कोई रसीद नहीं दी गई। वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को सस्पेंड कर दिया। इनमें जेडओ एसआई करण सिंह, कांस्टेबल शुभम और होमगार्ड भूपेंद्र शामिल हैं।
DCP ट्रैफिक ने कहा कि रिश्वतखोरी के खिलाफ पुलिस की नीति जीरो टॉलरेंस की है। पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। Haryana








