Haryana : हरियाणा के भिवानी में शिक्षिका मनीषा की मौत के मामले में CBI टीम ने जांच शुरू कर दी है। दरअसल, CBI की टीम कई दिनों से लगातार इस मामले का अध्ययन कर रही थी। इसके बाद शनिवार को CBI की टीम ने इस मामले की जमीनी स्तर पर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि CBI की टीम शनिवार को करीब 12 बजे सिंघानी के किड्स स्कूल में पहुंची, जहां स्टॉफ से पूछताछ की।
टीम ने परिजनों से ली जानकारी
इसके बाद टीम सिंघानी में नहर के पास पहुंची। जहां पर 13 अगस्त को मनीषा का शव मिला था। इसके बाद टीम ढाणी लक्ष्मण मनीषा के घर पहुंची। वहां पर परिजनों से जानकारी ली। शनिवार दोपहर को दो गाड़ियों में पहुंची छह सदस्यीय सीबीआई टीम ने ढिगावा रेस्ट हाउस में रुककर प्रारंभिक जानकारी जुटाने के बाद वारदात स्थल का मुआयना किया। खेत में बारिश का पानी भरा हुआ है और पैरों व गाड़ियों के टायरों के निशान पूरी तरह मिट चुके हैं। Haryana
हालांकि शव मिलने के समय एफएसएल टीम ने सबूत जुटाकर वीडियोग्राफी कर ली थी। सीबीआई अधिकारियों ने करीब 20 मिनट तक स्थल का निरीक्षण करने के बाद मनीषा के घर जाकर पिता संजय, दादा और अन्य परिजनों से लगभग 40 मिनट तक पूछताछ की।
मनीषा के पिता से की पूछताछ
बताया जा रहा है कि CBI अधिकारी ढाणी लक्ष्मण गांव पहुंचे और मनीषा के पिता से पूछताछ की। करीब एक घंटे तक मनीषा के पिता ने अधिकारियों को मनीषा के लापता होने से लेकर अंतिम संस्कार तक की पूरी कहानी बताई। पूछताछ के बाद मनीषा के पिता संजय ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने मनीषा की दिनचर्या और मौत से जुड़े कई सवाल पूछे।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि न्याय जरूर मिलेगा। पूछताछ के लिए अकेले बुलाए जाने पर डरने की जरूरत नहीं है। हालांकि मनीषा के तीसरे पोस्टमार्टम को लेकर अभी तक परिवार को कोई जानकारी नहीं दी गई। Haryana











