Haryana Political News: हरियाणा में कांग्रेस के अच्छे दिन! पूर्व आईपीएस अधिकारी पार्टी में शामिल, अटेली सीट से चुनाव की अटकलें

Published On: December 9, 2023
Follow Us


चंडीगढ़: हरियाणा में कांग्रेस के लिए अच्छी ख़बर है। शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा एवं तोशाम विधायक किरण चौधरी के नेतृत्व में सेवानिवृत्त आई.पी.एस. पदाधिकारी सुभाष यादव कांग्रेस में शामिल हो गये। 

इससे पहले शाहबाद के पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के नेतृत्व में कांग्रेस में वापसी की थी। सामाजिक कार्यकर्ता श्वेता ढुल भी हाल ही में सुरजेवाला के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुई थीं। 

धंतौड़ी 2009 में कांग्रेस के टिकट पर शाहबाद से विधायक चुने गए थे। कुछ समय पहले वह बीजेपी में शामिल हुए थे और इसी साल जून में उन्होंने बीजेपी को अलविदा कह दिया।

आपको बता दें कि राज्य में अगले साल 2024 में लोकसभा चुनाव के अलावा विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इन चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रही हैं। 

हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस के बड़े राजनीतिक चेहरे कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी की कोशिशों से कांग्रेस का कुनबा भी लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कुमारी शैलजा और किरण चौधरी के नेतृत्व में अधिकारी पूर्व आई.पी.एस. सुभाष यादव कांग्रेस में शामिल हुए। 

सुभाष यादव रोहतक, भिवानी, मेवात, हिसार और सिरसा जिलों में पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। उन्होंने करनाल और फरीदाबाद रेंज के पुलिस महानिरीक्षक होने के अलावा एडीजीपी के रूप में भी कार्य किया है।

कुमारी शैलजा ने कांग्रेस में किया स्वागत

सुभाष यादव के कांग्रेस में शामिल होने पर कुमारी शैलजा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘महेंद्रगढ़ निवासी सेवानिवृत्त आईपीएस सुभाष यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस की विचारधारा में आस्था जताई और कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। मैं बड़े उत्साह से आपका कांग्रेस परिवार में स्वागत करती हूं और आशा करती हूं कि आप अपने अनुभवों से जनसेवा का कार्य पूरी कुशलता से करेंगे।

वहीं, राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सुभाष यादव लंबे समय से महेंद्रगढ़ जिले की अटेली विधानसभा सीट पर सक्रिय हैं और यहां से चुनाव भी लड़ना चाहते हैं। इसी तरह सामाजिक कार्यकर्ता श्वेता ढुल लंबे समय से युवाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठा रही हैं। 

वह काफी समय से कलायत विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और यहां से चुनाव लड़ने की इच्छुक भी हैं। इसी तरह 2009 में शाहबाद से विधायक रहे अनिल धंतौड़ी भी एक बार फिर अपनी पुरानी सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं।

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment