Haryana News: हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति के कर्मचारियों को प्रमोशन में आरक्षण, सीएम मनोहर लाल का ऐलान

Published On: February 4, 2023
Follow Us

 

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति के कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण देगी। इसके लिए सभी काडरों में चिह्नित कर आगामी 3 माह में कोटा तय किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिला फतेहाबाद के गांव रसूलपुर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा, चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी, सिरसा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के नाम पर एक चेयर स्थापित की जाएगी, ताकि उनके जीवन का अध्ययन कर उनके विचारों का प्रचार- प्रसार किया जा सके।

संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर कार्यक्रम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज का दिन बेहद विशेष दिन है, जब संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर एक साथ प्रदेश में 3 स्थानों जिला यमुनानगर, गुरुग्राम और यहां नरवाना में राज्य स्तरीय समारोह हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरू रविदास जी के नाम से पीपली के पास एक स्मारक बनाने के लिए जमीन की पहचान हो गई है, जिस पर गुरु रविदास जी के नाम से एक बड़ा स्मारक बनाया जाएगा। जहां छात्रावास भी होगा और स्कूल भी होगा।

जमीन खरीद पर अब 20 प्रतिशत की छूट

मनोहर लाल ने अनुसूचित जाति के लोगों को उद्योग लगाने के लिए बड़ी सहायता की घोषणा करते हुए कहा कि लघु एवं सूक्ष्म उद्योग लगाने के लिए जमीन खरीद पर अब 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। अभी तक 10 प्रतिशत की छूट दी जाती थी। इसके अलावा, व्यापार करने के लिए भी जो ऋण लिया जाता है, उस पर भी ब्याज में अन्य वर्गों के मुकाबले 20 प्रतिशत की ज्यादा छूट दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि डॉ अम्बेडकर चैंबर ऑफ कॉमर्स की एक इकाई हरियाणा में खोलने के लिए भी समाज के लोग सहयोग करें।

बनाया जाएगा वेंचर कैपिटल फंड

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार व उद्यमिता के लिए बढ़ावा देने के लिए बैंकों के अलावा सरकार की ओर से वित्तीय सहायता प्रदान करने हेतू एक वेंचर कैपिटल फंड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के लगभग 32 प्रतिशत बच्चे आज शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जिस समाज के इतने अधिक बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हों, वह समाज निश्चित रूप से तरक्की की ओर अग्रसर होगा। इन बच्चों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दिलाई जाएगी।

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment